अयोध्या। जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को गर्भवती महिलाओं की भीड़ बढ़ी तो व्यवस्थाएं बेपटरी हो गईं। एक ही चिकित्सक के बैठने से ओपीडी खचाखच भरी रही। इस दौरान महिला सुरक्षाकर्मी ने डंडा लहराते हुए महिलाओं को फटकार लगाई तो मरीज व तीमारदारों ने आक्रोश जताया।
रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को अस्पताल खुला तो सुबह से ही महिलाओं की लाइन लग गई। दोपहर 12 बजे तक 171 महिलाओं का पंजीकरण हुआ। इनमें अधिकांश गर्भवती थीं। ओपीडी के एक कक्ष में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ मौजूद रहीं, जबकि दूसरे कक्ष में चिकित्सक की कुर्सियां खाली रहीं। भीड़ बढ़ी तो व्यवस्थित करने में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों के पसीने छूटने लगे।
ओपीडी कक्ष के बाहर महिलाओं की भीड़ रही, जिसे व्यवस्थित करने के लिए सुरक्षाकर्मी को डंडा तक उठाना पड़ा। एक बार तो वह मरीज को मारने के लिए भी दौड़ पड़ीं, जिसकी वीडियो लोगों ने बना लिया। हालांकि, अमर उजाला टीम के फोटो खींचने के बाद सुरक्षाकर्मी को एक स्वास्थ्यकर्मी ने इशारा किया तो उसने डंडा रख दिया।
सीएमएस डॉ. विभा कुमारी ने बताया कि हाल ही में इन सुरक्षाकर्मियों की तैनाती हुई है। उन्हें मरीजों से अच्छे व्यवहार के लिए हिदायत दी गई थी। सभी को फिर से चेतावनी दी जाएगी। किसी तरह की अभद्रता सामने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।