अयोध्या। मकबरा स्टेडियम में आयोजित प्रदेशीय विद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को बालक वर्ग के मुकाबलों में वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज की टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। तीनों आयु वर्गों में खेले गए लीग मैचों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में आठ-आठ मंडलों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें बालक-बालिका वर्ग में प्रतिभाग कर रही हैं। इसका आयोजन सात नवंबर तक होगा। अंडर-19 वर्ग में वाराणसी ने देवीपाटन और मुरादाबाद ने मेरठ को नौ-नौ अंकों से हराया। गोरखपुर ने आगरा को 12, बस्ती ने अलीगढ़ को चार और प्रयागराज ने कानपुर को 11 अंकों से शिकस्त दी।
झांसी ने चित्रकूट को नौ, मिर्जापुर ने अयोध्या को चार और सहारनपुर ने बरेली को दो अंकों से हराया। वाराणसी ने आजमगढ़ को 19 अंकों से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। गोरखपुर ने बस्ती को 11 और लखनऊ ने आगरा को दो अंकों से हराया।
अंडर-17 वर्ग में देवीपाटन ने आगरा, गोरखपुर ने चित्रकूट और प्रयागराज ने मिर्जापुर को 11-11 अंकों से हराया। वाराणसी ने मेरठ को सात, कानपुर ने आजमगढ़ को पांच और अलीगढ़ ने अयोध्या को पांच अंकों से शिकस्त दी। बस्ती ने मुरादाबाद को दो, सहारनपुर ने झांसी को आठ और मेरठ ने लखनऊ को चार अंकों से हराया। वाराणसी ने मुरादाबाद को छह, बस्ती ने लखनऊ को तीन और कानपुर ने बरेली को 12 अंकों से मात दी।
अंडर-14 वर्ग में गोरखपुर ने चित्रकूट को पांच, देवीपाटन ने मेरठ को दो और मुरादाबाद ने लखनऊ को पांच अंकों से हराया। चित्रकूट ने अलीगढ़ को चार, मेरठ ने बरेली को पांच और लखनऊ ने सहारनपुर को चार अंकों से शिकस्त दी। आगरा ने देवीपाटन को तीन, मिर्जापुर ने मुरादाबाद को आठ और आगरा ने बरेली को चार अंकों से हराया। अयोध्या और प्रयागराज को अपने मुकाबलों में वॉकओवर मिला।
क्वार्टर फाइनल में अंडर-14 वर्ग से वाराणसी, आजमगढ़, बस्ती, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, प्रयागराज और मिर्जापुर ने जगह बनाई। अंडर-17 में वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, अलीगढ़, देवीपाटन, मेरठ, गोरखपुर और कानपुर व अंडर-19 में वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, मुरादाबाद, मिर्जापुर और लखनऊ की टीमें पहुंचीं।