सोहावल। मां ज्वाला देवी खिरौनी नगर पंचायत के सभागार में मंगलवार को जनगणना प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को कथित तौर पर खराब गुणवत्ता का भोजन परोसने पर हंगामा हो गया। शिक्षकों ने लंच पैकेट में बदबूदार पनीर की सब्जी, ठंडी चाय और एक्सपायरी बिस्किट दिए जाने का आरोप लगाया। भोजन करने के बाद दो शिक्षिकाओं की तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने से नाराजगी बढ़ गई। शिकायत के बाद अधिकारियों ने वैकल्पिक नाश्ते की व्यवस्था कराई।
नगर पंचायत सभागार में जनगणना को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। इसमें दो प्रशिक्षक, सात सुपरवाइजर और 42 प्रगणक समेत कुल 51 लोग शामिल हैं। प्रशिक्षण में पहुंचे प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे वितरित लंच पैकेट में चावल और पनीर की सब्जी दी गई। आरोप है कि सब्जी से दुर्गंध आ रही थी और भोजन खाने योग्य नहीं था।
शिक्षकों ने बताया कि भोजन की स्थिति देखकर कई लोगों ने पैकेट का खाना डस्टबिन में फेंक दिया। वहीं, शिक्षिका दिव्या पांडेय और प्रियंका ने थोड़ा भोजन खा लिया। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। घटना के बाद शिक्षकों ने भोजन की गुणवत्ता और प्रशिक्षण स्थल पर की गई व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
शिकायत पर कराई वैकल्पिक व्यवस्था
शिक्षक रवीश चौधरी, मुकेश कुमार, प्रशांत विश्वकर्मा, रश्मि, रेखा सिंह, सविता, आकांक्षा श्रीवास्तव और हंसावती समेत अन्य ने भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई।
अधिशासी अधिकारी आरती श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिलते ही दूसरी व्यवस्था कराई गई। दोपहर करीब तीन बजे शिक्षकों के लिए समोसे और चाय मंगाए गए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।