अयोध्या में आवासीय विद्यालय से लापता 13 वर्षीय छात्रा करीब तीन घंटे बाद घर लौट आई। उसके मांग में सिंदूर होने से विभिन्न चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद कर बयान दर्ज किए हैं और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अयोध्या में पूराबाजार स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से मंगलवार शाम लापता हुई कक्षा छह की 13 वर्षीय छात्रा करीब तीन घंटे बाद सिंदूर लगाए हुए अपने घर लौट आई। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने छात्रा के सकुशल मिलने की पुष्टि करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, छात्रा मंगलवार दोपहर अपनी मां के साथ विद्यालय पहुंची थी। वार्डन सरोज सिंह ने बताया कि छात्रा विद्यालय आते समय रो रही थी। उन्होंने उसकी मां को बच्ची को वापस घर ले जाने की सलाह भी दी थी, लेकिन परिजनों ने उसे विद्यालय में ही छोड़ दिया। शाम करीब सात बजे उपस्थिति के दौरान छात्रा परिसर में नहीं मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह विद्यालय की पिछली दीवार फांदकर बाहर निकली, जहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था।
छात्रा की मां ने महाराजगंज थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। वहीं, सूत्रों के अनुसार घर लौटने पर छात्रा की मांग में सिंदूर लगा था, जिससे उसके विवाह करने की आशंका जताई जा रही है। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रा के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।