अयोध्या। डाॅ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की स्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षा शुक्रवार को तीन पालियों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में शुरू हुई। पहले दिन सात जिलों के 464 केंद्रों की तीन पालियों की परीक्षा में 50600 परीक्षार्थियों में से 1831 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा कराने के लिए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल के निर्देश पर परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने प्रथम पाली में आवासीय परिसर के प्रचेता भवन व तृतीय पाली में झुनझुनवाला कॉलेज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे के संचालन की पड़ताल की।
वहीं दूसरी ओर अयोध्या के साकेत पीजी कालेज व मनूचा गर्ल्स काॅलेज सहित अन्य केंद्रों के तीनों पालियों की परीक्षा हुई। मीडिया प्रभारी डाॅ. विजयेंदु चतुर्वेदी ने बताया कि बीए, बीएससी बीकाॅम द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा की सुबह 07:00 बजे से 09:00 बजे तक हुई। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और तीसरी पाली की परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से 04:00 बजे तक केंद्रों पर कराई गई। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए विश्वविद्यालय के सचल दल की ओर से केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
-
परीक्षा पर दिखा गर्मी का असर
स्नातक परीक्षा पर शुक्रवार को गर्मी का असर दिखा। दोपहर की पाली में परीक्षा देने आए विद्यार्थी बेहाल नजर आए। साकेत कॉलेज के केंद्र पर परीक्षा देने पहुंची छात्रा अनामिका ने बताया कि पेपर पहले हो जाने चाहिए थे। इस गर्मी में घर से निकलने में काफी मुश्किल होती है। पेपर के बीच में बार-बार प्यास लगती है और पसीना निकलता रहता है। गर्मी की वजह से ही कई विद्यार्थियाें ने पेपर छोड़ भी दिया।