अयोध्या। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। शहर के एक स्कूल में सोमवार को समन्वय बैठक हुई। इसमें शत प्रतिशत मतदान को लेकर रूपरेखा तैयार की गई है। बैठक संघ के अवध प्रांत के प्रांत प्रचारक कौशल ने ली। इसमें तीनों लोकसभा क्षेत्र बाराबंकी, अयोध्या व अंबेडकरनगर के विधानसभा स्तर के संघ व भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। तय हुआ कि 11 से 19 मार्च तक अवध क्षेत्र के 276 नगर और खंड की बैठकें होंगी। 21 व 22 मार्च को जिला स्तर पर समन्वय बैठक होगी। 22 से 31 मार्च तक न्याय पंचायत स्तर की बैठक होगी। इसमें बूथ स्तर के 10-10 कार्यकर्ता शामिल होंगे। मतदाताओं से शत प्रतिशत मतदान की अपील की जाएगी। एक से 15 अप्रैल तक चौपाल का आयोजन होगा। ड्राइंग रूम मीटिंग होगी, जिसमें 10-20 लोगों के साथ बैठक होगी। एक कार्यकर्ता को 100 बैठक करनी होंगी।
बैठक में यह भी तय हुआ कि 15 अप्रैल के बाद बूथ स्तर पर मतदाता चिह्नित करने का कार्य किया जाएगा। कौन मतदाता बाहर है, कौन दिव्यांग है, कौन कैसे बूथ तक पहुंच पाएगा, इसकी योजना बनाई जाएगी। बैठक में संघ के विभाग संघ चालक गंगा बक्श, सह विभाग कार्यवाह वीरेंद्र, विभाग प्रचारक कृष्ण चंद्र, सह कार्यवाह राहुल सिंह, महानगर प्रचारक सुबंधु, प्रो़ रमापति मिश्र, आनंद गुप्ता शामिल रहे।