अयोध्या। कृषि विभाग ने पढ़े-लिखे बेरोजगारों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अवसर प्रदान किया है। युवा अब एग्री जंक्शन शॉप खोलकर कमाई का जरिया खुद से बना सकते हैं। इसके लिए प्रदेश की योगी सरकार की ओर से मदद भी दी जा रही है। जिले में 30 बेरोजगार युवाओं को एग्री जंक्शन योजना के तहत अपनी दुकान खोलने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
कृषि विभाग की ओर से जगह-जगह एग्री जंक्शन शॉप खोली जा रही है। इन शॉप में खाद और बीज के साथ कीटनाशक दवा व उर्वरक की बिक्री कर सकते हैं। इसके लिए पहले पहले लाइसेंस लेना होगा, तभी एग्री जंक्शन शॉप खोलने का पात्र बन सकते हैं। कृषि विभाग एग्री जंक्शन के नाम से ब्लाकों में दुकान खोलकर 18 से 40 वर्ष तक के कृषि या रसायन विज्ञान के बेरोजगार स्नातकों को स्वरोजगार उपलब्ध कराएगा।
युवाओं को आवेदन करने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र में स्नातक या फिर एग्री जंक्शन केंद्र के प्रमाण के लिए कृषि विषय से पढ़ाई का प्रमाण पत्र देना होगा। साथ ही फोटो और मोबाइल नंबर भी विभागीय कार्यालय लाकर जमा करने होंगे। इसके बाद सत्यापन कर पात्र अभ्यर्थी को इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
कृषि स्नातक की पढ़ाई पूरी कर घर में बैठे युवाओं के लिए मौका
जिला कृषि अधिकारी ओपी मिश्र बताते हैं कि कृषि विभाग की यह योजना बेरोजगारी की समस्या को दूर करने के लिए है। ऐसे युवा जो कृषि से स्नातक की पढ़ाई पूरी कर घर में बेरोजगार बैठे हैं, उन्हें एग्री जंक्शन शॉप खोलने का मौका दिया जा रहा है। इस दुकान के जरिए रोजगार के अवसर मिलेंगे और विभाग की ओर से भी समय-समय पर मदद दी जाएगी। किसानों को सही दवा, कीटनाशक, खाद व बीज भी उपलब्ध हो सकेगा। उन्हें कहीं पर भी भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पांच लाख रुपये का ऋण भी देगी प्रदेश सरकार
कृषि विभाग की ओर से 30 युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षित बेरोज़गारों को कृषि विभाग की ओर से एग्री जंक्शन का लाइसेंस दिया जाएगा। एक छत के नीचे बीज, उर्वरक और रसायन मिलेगा। किराए के मकान में दुकान खोलने पर सरकार की ओर से हर महीने एक हजार रुपये किराया व पांच लाख रुपये का ऋण दिया जाएगा। इसमें 62 हजार रुपये की सब्सिडी भी दी जानी है।