रुदौली। लखनऊ हाईवे पर मखवापुर के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार डीसीएम दो कारों और एक बाइक से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है।
दोनों कारें लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रही थीं। इनमें से एक कार खराब होने के कारण दूसरी कार से टोचन कर बस्ती ले जाया जा रहा था। इसी दौरान भेलसर के पास टोचन टूट गया था।
अर्टिगा चालक इम्तियाज अली कार को दोबारा बांध रहे थे, तभी पीछे से आई डीसीएम टकरा गई। हादसे में बाइक सवार राैनाही के हाजीपुर निवासी शिवओम सिंह (45), बाराबंकी जिले के सुबेहा बनकोट निवासी संजीव सिंह (36) और कार चालक बस्ती जिले के भेलखा मांझीरिया गांव निवासी इम्तियाज अली (28) घायल हो गए।
पुलिस न घायलों को सीएचसी रुदौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवओम व इम्तियाज को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार संजीव सिंह (36) को दर्शननगर मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर किया गया है। दूसरी कार के चालक बस्ती के कलवारी निवासी चंदन (21) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
शिवओम की पुत्री की शादी तीन दिसंबर को होनी थी। परिवार में कोहराम मच गया। सीओ अरविंद सोनकर ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा घायल
सोहावल। पूराकलंदर के भिखारीपुर चौराहे के निकट सुचितागंज-मसौधा मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।
कोला गांव निवासी आदित्य (18) और सूरज (19) अलग-अलग बाइकों पर सवार थे। किसी काम से बृहस्पतिवार को घर से निकले थे। भिखारीपुर चौराहे के पास बाइक आपस में टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज दर्शननगर भिजवाया गया, जहां आदित्य को मृत घोषित कर दिया गया और सूरज का इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर अश्विनी पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद