अयोध्या। कोतवाली नगर पुलिस ने 2.33 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल, कारतूस और कई मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम से दो महंगे मोबाइल खरीदे गए थे। मामले के तार चंदौली जिले के मुगलसराय थाने में दर्ज ठगी के मामले से जुड़े हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्तूबर को रिकाबगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चंद्रमोहन शुक्ल टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर दो युवकों को पकड़ा गया। उनकी पहचान आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर निवासी अभिनंदन यादव उर्फ अभि (22) और अयोध्या जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवगढ़ निवासी दिव्यांशु पटेल (24) के रूप में हुई। तलाशी में दोनों के पास से एक-एक अवैध पिस्टल और कारतूस मिले।
पुलिस के अनुसार, दिव्यांशु के पास से मिले मोबाइल फोन में दो महंगे फोन भी शामिल हैं। इनके बिल के मुताबिक, एक की कीमत 96,905 रुपये और दूसरे की 1.37 लाख रुपये है। पूछताछ में दिव्यांशु ने कथित तौर पर बताया कि उसने 17 अक्तूबर को मुगलसराय थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के साथ शिवम नाम का इस्तेमाल कर ऑनलाइन ठगी की थी। ठगी से मिले 2,33,905 रुपये से उसने साथी के साथ दोनों मोबाइल खरीदे थे। मुगलसराय पुलिस से संपर्क करने पर संबंधित मामले में आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि हुई।
अयोध्या पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दिव्यांशु के खिलाफ बीएनएस की धारा भी जोड़ी है। दोनों के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।