हैदरगंज/तारुन। संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवतियों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। ये घटनाएं हैदरगंज के खोधूपुर और तारुन के नाऊ का पुरा गांव में हुईं।
हैदरगंज के खोधूपुर निवासी रामजी की पुत्री कोमल ने सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। जानकारी होने पर परिजनों ने उसे सीएचसी हैदरगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान सोमवार को कोमल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया, इसका पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है।
उधर, तारुन के यादवपुर ग्राम पंचायत के मजरे नाऊ का पुरा में कीटनाशक खाने से अंतिमा (30) की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार घास पर छिड़काव के लिए कीटनाशक रखा था। किसी बात से क्षुब्ध होकर अंतिमा ने तीन सितंबर को जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे सीएचसी तारुन लेकर पहुंचे जहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्राम प्रधान सुरेंद्र यादव ने बताया कि जिला अस्पताल से उसे दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। सोमवार को उसकी मौत हो गई।