मवई। पटरंगा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गनौली गांव के पास शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों व्यक्ति रिश्ते में साढ़ू थे। हादसे के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। बाइक सवार दोनों व्यक्तियों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
कटघरा गांव निवासी राम प्रकाश रावत (45) और अघावननगर निवासी चंदे (40) एक ही बाइक से किसी काम से जा रहे थे। शनिवार सुबह गनौली गांव के समीप पहुंचे। उसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर मार लग गई। इससे वे दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही हाईवे चौकी पटरंगा के उपनिरीक्षक प्रशांत पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। हाईवे चौकी प्रभारी राज कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। रुदौली कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।