मिल्कीपुर। इनायतनगर थानाक्षेत्र के परसपुर सथरा पूरे निध्या पांडेय गांव में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस संघर्ष में छह लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने छह महिलाओं सहित 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मारपीट में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, धारदार हथियार और कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया। एक पक्ष की ममता तिवारी ने पुलिस को बताया कि विपक्षीगणों ने उनका फूल का पेड़ उखाड़ दिया था। मना करने पर संतोष पांडेय, मनोज पांडेय, विश्वनाथ, कंचन और जमुना ने घर में घुसकर उन्हें, शांति देवी, प्राची और अर्चना को लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से पीटा। इस हमले में वे बेहोश हो गईं और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। हमलावर उन्हें मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। वहीं, दूसरे पक्ष के भारत पांडेय ने तहरीर में बताया कि उनके पुत्र संतोष पांडेय को दवा लेने जाते समय सोनाली, ममता, प्राची, अर्चना और रवींद्र दुबे ने ईंट-पत्थर से हमला कर कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षीगण घर में घुस आए और उनके दूसरे पुत्र मनोज पांडेय व उसकी पत्नी कंचन को भी पीटकर बेहोश कर दिया।
थानाप्रभारी इनायतनगर रतन कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।