अयोध्या। ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी खेल को बढ़ावा देने और उभरती प्रतिभाओं को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए मंगलवार से दो दिवसीय विशेष कबड्डी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन का आयोजन तारुन क्षेत्र में हुआ, जबकि दूसरे दिन बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर में बालक व बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। विशेषज्ञ प्रशिक्षक राकेश मौर्या और सौम्या शुक्ला ने खिलाड़ियों को कबड्डी के आधुनिक नियम, फिटनेस, रेड एवं डिफेंस की तकनीक, संतुलन, फुर्ती, टीम समन्वय तथा मैच के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीतियों की जानकारी दी। खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान खेल की बारीकियों से भी अवगत कराया गया ताकि वे जिला, मंडल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न तकनीकी अभ्यासों में भाग लिया। बालिका वर्ग में खिलाड़ी अंजलि, पूर्वी, ज्योत्सना और शालिनी का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। प्रशिक्षकों ने उनकी फुर्ती, तकनीकी दक्षता और खेल के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए नियमित अभ्यास जारी रखने की सलाह दी।
प्रशिक्षण शिविर के संयोजक एवं कोच लाल शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिल सके और वे आगामी प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।