मवई। पटरंगा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम दुल्लापुर-उमापुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बसौड़ी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान बाकरपुर रानीमऊ निवासी संदीप कुमार (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संदीप कुमार अपनी बाइक से जा रहे थे तभी बसौड़ी गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में संदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार नेवरा गांव निवासी बाबूलाल (40) और राज निषाद (15) गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी मवई पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दर्शननगर स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हाईवे चौकी पटरंगा प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मृतक संदीप कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।