रुदौली/भेलसर। लखनऊ हाईवे पर मखवापुर गांव के पास बुधवार सुबह डीसीएम की टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 28 लोग घायल हो गए।
लखीमपुर खीरी निवासी अनुराग वर्मा के परिजन नया ट्रैक्टर लेने के बाद रिश्तेदारों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए निकले थे। मखवापुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में डीसीएम की पीछे से टक्कर लग गई। इससे ट्रॉली पलट गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह की टीम ने क्रेन और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। चौकी प्रभारी ने बताया कि डीसीएम अलीगढ़ से गत्ता लेकर गोरखपुर जा रही थी। उसके चालक राकेश सिंह ने पुलिस को बताया कि आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक दाहिनी ओर आ गई। ब्रेक लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक टक्कर लग गई। रुदौली कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी रुदौली भेजा गया। डीसीएम चालक भी चोटिल हुआ है। कोई तहरीर नहीं मिली है।
हादसे में 11 की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज भेजे गए
सीएचसी रुदौली में प्राथमिक उपचार के बाद 11 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर देख उन्हें दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों में विकास वर्मा (27) निवासी कोरारा, छोटे कश्यप (38), धनंजय वर्मा, आदित्य वर्मा (16), आदर्श (23), शुभम वर्मा, रेखा (45) पत्नी सुनील कुमार निवासी रंभरपुर, दिनेश कुमार, सुमिरन वर्मा, अनूप वर्मा, अनुराग वर्मा, वेदप्रकाश, उपेंद्र कुमार, सुरेश, सुनील वर्मा, रोशनलाल (18), रामविलास (38), श्रीकृष्ण, सोनू वर्मा और शत्रुधन (62),अंशदीप (19), रमेसर (35), रामश्री (34) पत्नी अखिलेश, अखिलेश (48), धर्मराज (18), शिवम (21), द्रोपती (70) पत्नी शत्रुघ्न निवासी अनकोटवा, लक्ष्मी देवी (40) पत्नी दिनेश कुमार निवासी गोला गोकरणनाथ शामिल हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रवींद्र शुक्ला ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
डीसीएम की टक्कर से पलटी श्रद्धालुओं की ट्रॉली