तारुन। नंसा कस्बे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवक गंभीर घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। दोनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
मृतक की पहचान अंबेडकरनगर के भीटी थाना क्षेत्र के ग्राम महापारा निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। घायल ओमप्रकाश गोसाईंगंज का निवासी है। बृहस्पतिवार को विपिन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मार्च को उनके भतीजे अजय कुमार की शादी थी। अजीत कुमार अपने साथी ओमप्रकाश के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से बारात में शामिल होने जा रहे थे। नंसा कस्बे के पास सामने से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक ने लापरवाही से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र पांडेय ने बताया कि विपिन कुमार की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।