02 -व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता विभाग में व्याख्यान देते वक्ता - विवि
अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता विभाग ने एमबीए (टूरिज्म मैनेजमेंट) के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्र निर्माण में पर्यटन की भूमिका विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के प्रो. लवकुश मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन किसी भी देश के आर्थिक विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि भारत जैसे विविध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों से समृद्ध देश में पर्यटन क्षेत्र की संभावनाएं अत्यंत व्यापक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और देश की अंतरराष्ट्रीय पहचान भी सुदृढ़ होती है।
विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यटन उद्योग भारत की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र में नवाचार, शोध, उद्यमिता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यटन क्षेत्र में करियर अवसरों, नई संभावनाओं और उद्योग से जुड़ी चुनौतियों को लेकर मुख्य वक्ता से कई प्रश्न पूछे। प्रो. मिश्र ने इन प्रश्नों का विस्तार से उत्तर देते हुए विद्यार्थियों को उद्योग की व्यावहारिक जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. अंशुमान पाठक, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. अनुराग तिवारी तथा विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।