29-जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता व अन्य।-संवाद
अयोध्या। जिले में स्थापित तीन टोल प्लाजा पर अधिवक्ता सहित स्थानीय निवासियों से टोल वसूली बंद करने के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को संबोधित एक ज्ञापन सोमवार को जिलाधिकारी को सौंपा गया है। अधिवक्ता मुन्ना सिंह की अगुवाई में जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि नया वाहन खरीदते समय ही सड़क कर के रूप में एकमुश्त धनराशि जमा करा ली जाती है। संविधान में भी अधिवक्ताओं को देश में कहीं भी आने-जाने के लिए मौलिक अधिकार दिया गया है। बस्ती में अधिवक्ता व स्थानीय निवासियों से टोल प्लाजा पर शुल्क नहीं लिया जा रहा है। वहीं जिले के तहसीनपुर, पिपरी व मीठेगांव में स्थापित टोल प्लाजा पर टोल की वसूली की जा रही है। मांग पर तत्काल विचार न करने पर अधिवक्ता आंदोलन को मजबूर होंगे। इस मौके पर अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह, पारसनाथ पांडेय, पूर्व मंत्री विपिन मिश्रा, केके पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सेन नंदवंशी, अधिवक्ता व सपा प्रदेश सचिव शावेज जाफरी, कंचन यादव, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।