10 - मंगलवार को जनसुनवाई करते महापौर व नगर निगम के अधिकारी- संवाद
अयोध्या। कचहरी परिसर में वाले अधिवक्ताओं व वादकारियों और जीआईसी के पीछे स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों स्थानों पर शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही नगर निगम के 100 सफाई कर्मियों को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित कर आपात स्थितियों से निपटने में सक्षम बनाया जाएगा। यह जानकारी महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई संभव कार्यक्रम के दौरान दी।
जनसुनवाई में कुल 20 शिकायतें सामने आई, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में आई करम अलीपुरवा निवासी दुर्गावती मौर्य ने जलकर व गृह कर का सामान्य सर्वे कराने की मांग की। वहीं, नियावां निवासी वसीम ने अधिक कर निर्धारण की शिकायत दर्ज कराई।
जनसुनवाई में पार्षद अनूप श्रीवास्तव ने नरेंद्रदेव वार्ड में सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की। पार्षद राकेश मिश्र ने अवैद्यनाथ वार्ड के श्रीरामपुरम कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण की संख्या बढ़ाने के लिए कहा। जबकि पार्षद सुनील पांडेय ने दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में नाली निर्माण का मुद्दा उठाया।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने सड़क, इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण से जुड़ी आठ मांगों को जांच के लिए निर्माण विभाग को सौंपा।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, अपर नगर आयुक्त भारत, जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय, मुख्य अभियंता सिविल पुनीत कुमार ओझा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, जलकल महाप्रबंधक सौरभ श्रीवास्तव, कर निर्धारण अधिकारी विनय प्रताप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।