बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी बीकापुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
पहला हादसा सोमवार रात जलालपुर-शाहगंज मार्ग पर परुआ गांव के पास हुआ। पूरा कलंदर क्षेत्र के रैथुवा निवासी शिवगोपाल (30) बाइक से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इस दौरान वह कंबाइन मशीन की चपेट में आकर घायल हो गए। सीएचसी बीकापुर में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉ. धर्मेंद्र रंजन ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने वाहन समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल देवेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी दुर्घटना मंगलवार दोपहर मलेथू कनक तिराहे पर हुई। यहां खड़े सवारी ऑटो के चालक ने अचानक गेट खोल दिया। इससे बगल से गुजर रहे बाइक सवार पांडेय का पुरवा, बीकापुर निवासी सोमनाथ (40) और उनकी पत्नी मीना देवी (35) घायल हो गए। दोनों को सीएचसी बीकापुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।