सोहावल। रौनाही थाना के सत्ती चौकी क्षेत्र के दिगंबरपुर पुल के पास एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवा दोस्तों की मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे। घटना बुधवार दोपहर बाद की है।
मरने वालों की शिनाख्त रामनगर धौरहरा निवासी धर्मवीर पुत्र साहब लाल (20), विशाल पुत्र शिवराम (22) व भानु पुत्र शिवलाल (23) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों एक ही बाइक से सत्ती चौरा क्षेत्र के पिलखावां गांव गए थे। इस गांव में धर्मवीर की शादी तय थी। दो महीने बाद शादी होनी थी। पिलखावां गांव में ससुराल पक्ष के लोगों से मिलने के बाद वह सब एक ही बाइक से लौट रहे थे। दिगंबरपुर फ्लाईओवर के पास अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर पीछे से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर होते ही तीनों छिटककर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर गिरे युवाओं को उठाकर अस्पताल भेजने की कोशिश की, लेकिन धर्मवीर व विशाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल तीसरे युवा भानु को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने अन्य दो को भी जिला अस्पताल भेजा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिवार वाले अस्पताल पहुंचे।
दोनों गांवों में कोहराम, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
तीनों युवाओं की मौत की खबर मिलते ही रामनगर धौरहरा और पिलखावां दोनों जगह कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल रहा। बताते हैं कि तीनों दोस्त थे। साथ ही पढ़ते थे। तीनों के घर में मातम छा गया। वहीं, धर्मवीर की जिस गांव में शादी थी वहां भी मातम पसर गया। दो परिवारों में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
हादसे के बाद भाग निकली पिकअप
दुर्घटना के बाद पिकअप भाग निकली। प्रभारी चौकी सती चौरा जितेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हाईवे पर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से भी दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश में जुटी हुई है।