अयोध्या। जिले भर में बनाए गए गेहूं क्रय केंद्रों पर सोमवार को सन्नाटा पसरा रहा। किसी केंद्र पर कोई किसान अपना गेहूं बेचने नहीं आया। ऐसे में क्रय केंद्र प्रभारी पूरे दिन इंतजार करते रहे। डीएम चंद्र विजय सिंह की ओर से स्वीकृति दिए जाने के बाद जिले में 61 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक 7631 किसानों ने गेहूं विक्रय के लिए पंजीकरण करवा लिया है।
गेहूं खरीद की सभी तैयारियां पूरी करते हुए केंद्रों पर गेहूं के आवक की स्थिति को धरातल पर जानने और किसानों तक समर्थन मूल्य योजना के लाभ की जानकारी पहुंचाने के लिए संभागीय खाद्य नियंत्रक अशोक पाल भ्रमण पर निकले। जिला खाद्य विपणन अधिकारी धनंजय सिंह के साथ मया के ग्राम रसड़ा में किसानों से मुलाकात कर गेहूं के खेतों का निरीक्षण किया। किसानों से अपना गेहूं सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचने की अपील की। बताया कि गेंहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। क्रय केंद्रों पर 17 मार्च से 15 जून तक गेंहूं खरीद की जाएगी।
मौके पर मौजूद किसान राम अभिलाख वर्मा, राजकुमार सिंह, उदय नारायण सिंह, देवदत्त व राम गिरीश शर्मा ने बताया कि उनका गेहूं अप्रैल के दूसरे सप्ताह तक बिक्री के लिए तैयार हो जाएगा। उन सभी की ओर से गेहूं बेचने के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा लिया गया है। स्थानीय केंद्र प्रभारी शिव कुमार सिंह व विपणन निरीक्षक हरिसेवक चौरसिया लगातार उनके संपर्क में हैं।
अधिकारियों ने किसानों को गेहूं खरीद की मोबाइल सुविधा से अवगत कराते हुए बताया कि यदि किसी गांव में किसानों की ओर से एक स्थान पर जहां तक ट्रक का आवागमन सुलभ हो, वहां यदि अकेले या मिलकर एक ट्रक गेहूं की बिक्री की जाती है तो उनकी खरीद मोबाइल व्यवस्था के माध्यम से की जाएगी। किसानों के गेहूं का सुगमता से क्रय सुनिश्चित कराने के लिए सभी संस्था प्रभारियों को भी निर्देश जारी किए गए हैं।
बटाईदार किसान व पंजीकृत ट्रस्ट से भी होगी खरीद
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में अभी गेंहूं की फसल तैयार न होने के चलते खरीद शुरू नहीं हो सकी है। पंजीकृत किसानों से इलेक्ट्रॉनिक पॉइंट ऑफ परचेज मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से गेहूं की खरीद की जाएगी। बटाईदार किसान व पंजीकृत ट्रस्ट से भी गेहूं की खरीद होगी। एसडीएम राजीव रत्न सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र में दो क्रय एजेंसियों के 16 गेहूं क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
कटाई-मड़ाई के बाद अप्रैल में खरीद में आएगी तेजी
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में संचालित किसान सहकारी समिति गेहूं क्रय केंद्र का सचालन सोमवार को शुरू हुआ लेकिन पहले दिन सन्नाटा पसरा रहा। पहले दिन बोहनी नहीं हुई। गेहूं खरीदने के लिए खाली बोरी व इलेक्ट्रॉनिक कांटा रखा हुआ है। कटाई और गेहूं की मड़ाई के बाद अप्रैल महीने में गेहूं खरीद में तेजी आएगी।
48 घंटे के भीतर किसान को किया जाएगा भुगतान
भेलसर प्रतिनिधि के अनुसार पहले दिन एक भी किसान गेहूं बेचने नहीं आया। रुदौली तहसील क्षेत्र में विपणन शाखा के चार गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस बार गेंहू खरीद के 48 घंटे के भीतर किसान को भुगतान किया जाएगा। सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार राजकीय गेहूं क्रय केंद्र इब्राहिमपुर देवली का सचालन सोमवार को शुरू हुआ। पहले दिन बोहनी नहीं हुई।