फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: रात भर बिजली की आंख-मिचौली से हाहाकार

Wed, 29 May 2024 11:33 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
रिकाबगंज क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद ट्राॅली से दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर की जा रह - फोटो : संवाद
विज्ञापन
अयोध्या। उमस भरी गर्मी में रात भर बिजली की आंख मिचौली जारी रही। लोग पसीने से तर-ब-तर होकर हाथ पंखा डुलाते रात गुजारने को विवश हुए। अधिकांश जगहों पर तो सुबह तक भी बिजली के दर्शन नहीं हुए। दिन में भी बिजली का सितम जारी रहा और शहर से देहात तक विभिन्न इलाकों में बिजली गुल होने से हाहाकार मचा रहा।
विज्ञापन

शहर के सिविल लाइन उपकेंद्र के बल्लाहाता में 400 केवी ट्रांसफार्मर मंगलवार की देर रात जल गया। अचानक बिजली गुल होने से लोगों की नींद टूटी तो वह बाहर निकले और काफी देर हाथ पंखा डुलाते हुए बिजली का इंतजार किया। लेकिन बिजली नहीं आई। छतों पर पहुंचे तो मच्छरों का आतंक रहा। सुबह बिजली निगम की टीम पहुंची और दोपहर बाद किसी तरह आपूर्ति बहाल हुई। इस दौरान पेयजल व शौच तक के लिए लोगों को कड़ा संघर्ष करना पड़ा। अवर अभियंता अभिषेक मिश्रा ने बताया कि दोपहर तक ट्रांसफार्मर दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कराई गई है।
कैंट बिजलीघर से जुड़े अंजनीपुरम, शक्तिनगर समेत कई इलाकों में देररात लगभग 12 बजे अचानक 33 केवी लाइन में खराबी आने से बिजली गुल हो गई। लगभग तीन घंटे तक लोग छटपटाते रहे। सुबह फिर से कुछ देर के लिए बिजली गायब हो गई। अवर अभियंता नरेश जायसवाल ने बताया कि मेन लाइन में ही फाल्ट थी। उधर, बड़ी देवकाली मंदिर के सामने स्थित कॉलोनी में भी भोर में तीन बजे बिजली गुल हो गई। सुबह सात बजे आपूर्ति बहाल हुई तब लोगों ने घरेलू कामकाज निपटाये।
विज्ञापन

वहीं, दर्शन नगर उपकेंद्र से जुड़े चांदपुर फीडर के दर्जनों गांवों में मंगलवार की रात लगभग 10 बजे तक एक फाल्ट की वजह से बिजली गुल रही। ग्रामीणों ने बताया कि मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल हुई तो रोस्टिंग शुरू हो गई। लगभग 11 बजे बिजली आई जरूर, लेकिन बीच-बीच में ट्रिपिंग जारी रही। इसी तरह अन्य क्षेत्रों में भी लोगों ने बिजली संकट के बीच किसी तरह रात गुजारा। अधीक्षण अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि अचानक से लोड बढ़ने से इस तरह की परेशानियां आ रही हैं। शिकायतें मिलते ही अविलंब आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए गए हैं। टीमें दिन-रात निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने में जुटी हैं।
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौरे बाजार की आवासीय कॉलोनी में एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण उमस और गर्मी में स्वास्थ्यकर्मियों का बुरा हाल है। ट्रांसफार्मर ठीक कराने के बाद भी बिजली नहीं आई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके मौर्य ने बताया कि वायरिंग में फाल्ट या यांत्रिक खराबी के चलते आपूर्ति बाधित हुई है।
ट्रांसफार्मर फुंका, आठ घंटे बिना बिजली के रहे 200 परिवार



भेलसर। पॉवर कॉर्पोरेशन की लापरवाही के कारण रुदौली नगर के घोसियाना इलाके में 200 परिवार आठ घंटे बिना बिजली के रहे। यहां मंगलवार शाम चार बजे ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसके बाद पहुंचे कर्मियों ने ट्रांसफार्मर को देखा और चले गए। भीषण गर्मी से बेहाल उपभोक्ता पुष्पराज रस्तोगी, सुधीर मिश्रा, रियाज अहमद, नवनीत रस्तोगी, हिमांशु गर्ग व नवनीत रस्तोगी आदि दर्जनों लोग एकत्र हो गए। सबने इसकी शिकायत विधायक रामचंद्र यादव से की। इसके बाद रात 12 बजे पहुंचे विद्युत कर्मियों ने बताया कि मोबाइल ट्रांसफार्मर कोतवाली के पास खड़ा है। जिसे लाने के लिए ट्रैक्टर की व्यवस्था नहीं है। उपभोक्ताओं ने रात्रि में स्वयं ट्रैक्टर की व्यवस्था की और ट्रांसफार्मर लेकर आए तब जाकर बिजली मिली। उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग की ओर से रोज नए कनेक्शन तो दिए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई है। वहीं इस संबंध में अवर अभियंता रुदौली विकास पाल ने बताया कि सौ केवीए के स्थान पर ढाई सौ केवीए का प्रस्ताव भेजा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें