19 -स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक के दौरान मौजूद डीएम व अन्य -संवाद
अयोध्या। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को अवध विवि के स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी निखिल टीकाराम ने की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाए।
कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन, सीलिंग तथा सुरक्षित प्रेषण की प्रक्रिया की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि स्ट्रॉन्ग रूम की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। कैमरे कार्यशील रहें और तकनीकी खामियां होने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचना दे।
संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। प बैठक में डीआईओएस डॉ. पवन तिवारी, पुलिस के अधिकारी, समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्य, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।