अयोध्या। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के चूड़ामणि चौराहा के पास किराए के मकान में शनिवार को मिली युवक की लाश के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नया मोड़ आ गया है। युवक ने नस काटकर आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है।
मूलरूप से गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के भुजाऊवा निवासी राजेश सिंह (45) पिछले एक साल से रानोपाली चौकी क्षेत्र के चूड़ामणि चौराहा के पास स्थित ज्ञानेश्वर श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रहते थे। वह किसी मार्केटिंग कंपनी में नौकरी करते थे। शनिवार की सुबह उनका शव कमरे में फर्श पर पड़ा मिला था। उनके एक हाथ की नस कटी थी और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था।
पुलिस ने प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या माना और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इसके अनुसार युवक की मौत गला घोंटने से हुई थी। इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए नस काट दी गई थी।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आधार पर मामले की जांच और पूछताछ की जा रही है। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर अपने घर चले गए हैं। उनसे संपर्क किया जा रहा है। शीघ्र ही केस दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।