अयोध्या। रामजन्मभूमि थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय एक किशोरी सोमवार की सुबह किसी से फोन पर बात करते हुए निकल बस में बैठकर झांसी पहुंच गई। पुलिस ने झांसी से उसे लाकर परिजनों को देर रात में सौंप दिया तो मंगलवार की सुबह उसने खुद को आग लगा लिया। गंभीर हालत में उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
बताया गया कि किशोरी फोन पर किसी युवक से बात करती थी। उसके बुलाए पते पर जाने के लिए वह सोमवार की सुबह लगभग सात बजे घर से निकली थी। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो उसकी लोकेशन ट्रेस कराई गई। बाराबंकी में एक बस से अकेले जाते हुए वह देखी गई। उसका पीछा करके पुलिस उसे झांसी में ढूंढ़ सकी और उसे वापस लाकर सोमवार की रात में ही परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार परिजन मामले में किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते थे तो कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच मंगलवार की सुबह किशोरी ने खुद को आग लगा लिया। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि किशोरी लगभग 90% तक झुलस गई है। जिस मोबाइल नंबर से वह बात करती थी, उसकी जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।