अयोध्या। बम बनाने की विधि लिखी परची मिलने के मामले में पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद छात्र को छोड़ दिया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की पड़ताल अब भी जारी है। एजेंसियां अब परची से आगे बढ़कर छात्र की पूरी पृष्ठभूमि और संपर्कों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के पुरैनिया तालाब के पास रहने वाले 26 वर्षीय नर्सिंग छात्र के पास से शनिवार को हस्तलिखित परची बरामद हुई थी। इसमें बम बनाने की विधि, उनमें प्रयुक्त होने वाले रसायनों का विवरण आदि दर्ज था।
कोतवाली अयोध्या पुलिस ने छात्र को हिरासत में लिया था। इसके बाद एटीएस, आईबी, मिलिट्री इंटेलिजेंस, एलआईयू समेत कई खुफिया एजेंसियों ने उससे कई चरणों में पूछताछ की।
प्रारंभिक जांच में छात्र के खिलाफ ऐसा कोई ठोस तथ्य नहीं मिला, जिसके आधार पर उसे हिरासत में रखा जाता। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी पड़ताल जारी रखी है।
सूत्रोंं के अनुसार, एजेंसियां छात्र के अतीत से वर्तमान तक की गतिविधियों का प्रोफाइल तैयार कर रही हैं। छात्र की प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा, किशोरावस्था के दौरान उसकी गतिविधियों और वर्तमान जीवनशैली से जुड़ी जानकारियां जुटा रही हैं। छात्र किन लोगों के संपर्क में रहा, किनके साथ उसका उठना-बैठना है, उसके मित्र और करीबी कौन हैं, किन लोगों से नियमित संपर्क रहा और रिश्तेदारों का सामाजिक दायरा क्या है, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। छात्र के रहन-सहन और उसकी दिनचर्या से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
एक मोबाइल वापस, पुराने फोन से की पड़ताल जारी
एटीएस ने छात्र के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किया था। एक फोन का वह वर्तमान में उपयोग कर रहा था, दूसरा कमरे पर रखा था। दोनों फोन की पड़ताल की जा रही थी। सोमवार देर शाम एक फोन उसे वापस कर दिया गया, लेकिन दूसरा फोन अभी एजेंसियों के कब्जे में है। एजेंसियां इस फोन में मौजूद डाटा, संपर्कों और अन्य डिजिटल जानकारियों को खंगाल रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां अलग-अलग स्तर पर जुटाई जा रही जानकारियों को आपस में जोड़कर मामले की वास्तविक पृष्ठभूमि तलाश रही हैं।