अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील के पलिया जगमोहन सिंह स्थित आजाद इंटर कॉलेज में हाईस्कूल परीक्षा परिणाम को लेकर अब नया मोड़ ले लिया है। छात्रा को प्रैक्टिकल में कम अंक देकर फेल किए जाने के आरोपों के बीच शिक्षा विभाग ने पहले नियुक्त जांच अधिकारी को हटाकर सह जिला विद्यालय निरीक्षक (एडीआईओएस) अवनीश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है।
शनिवार को जांच के लिए विद्यालय पहुंचे एडीआईओएस ने बताया कि जांच के दौरान प्रधानाचार्य देव कुमार यादव विद्यालय में उपस्थित नहीं थे। प्रभारी प्रधानाचार्य गोविंद नाथ मौजूद मिले। सोमवार को दोबारा स्कूल पहुंचकर जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस इंटर कॉलेज में हाईस्कूल में कुल 76 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से एक छात्रा अनुपस्थित रही, जबकि 75 ने परीक्षा दी थी। शिकायत करने वाली छात्रा गरीब परिवार से आती है। शिकायतकर्ता छात्रा को छोड़कर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल में 27-30 तक अंक मिले हैं।
एडीआईओएस ने बताया कि जांच के दौरान प्रभारी प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्रा का हर विषय के प्रैक्टिकल में फेल होना कंप्यूटर त्रुटि का मामला हो सकता है। शिक्षा विभाग से जुड़े विशेषज्ञों ने बताया कि सभी छह विषयों में लगातार इतने कम अंक आना सामान्य तकनीकी गलती नहीं हो सकती है। उनका कहना है कि एक-दो विषयों में त्रुटि संभव है, क्योंकि यूपीएमएसपी की वेबसाइट पर प्रैक्टिकल का नंबर अपलोड करते समय कई बार अंक चेक किए जाते हैं। इसके अलावा बोर्ड परीक्षा के बाद भी प्रैक्टिकल का नंबर अपलोड करने का समय दिया जाता है।
इनसेट
छात्रा के प्रैक्टिकल व थ्योरी के अंक
विषय थ्योरी प्रैक्टिकल
हिंदी - 41 03
अंग्रेजी - 34 02
संस्कृत - 42 04
गृह विज्ञान 45 03
विज्ञान 24 02
सामाजिक वि. 48 04