फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: रजत हिंडोले पर विराजे रामलला के दर्शन कर संत हुए मगन

Fri, 08 Aug 2025 11:00 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में इन दिनों सावन की मस्ती और भक्ति का संगम अपने चरम पर है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चल रहे भव्य झूलनोत्सव के बीच बृहस्पतिवार का दिन और भी पावन हो उठा, जब संत-धर्माचार्य रामलला के रजत हिंडोले के दर्शन के लिए पधारे। राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से संत-धर्माचार्यों का अभिनंदन किया गया।
विज्ञापन

सुगंधित पुष्पों से सजे, रजत झूले पर आरूढ़ बालरूप रामलला की मनोहारी छवि देखते ही संत-धर्माचार्याें के नेत्र सजल हो उठे। घंटा-घड़ियाल और मृदंग की थाप के बीच जब संगीतज्ञों ने झूलन गीतों की मधुर तान छेड़ी तो मानो समूची अयोध्या भक्ति के रस में झूम उठी। मंदिर प्रांगण में उमड़े श्रद्धालुओं ने भी इस क्षण को आत्मा में उतार लिया। फूलों की वर्षा, दीपों की ज्योति और भजनों की गूंज के बीच ऐसा प्रतीत हुआ मानो त्रेतायुग लौट आया हो और अयोध्या पुनः प्रभु श्रीराम के सान्निध्य में आलोकित हो गई हो।
महंत देवेंद्रप्रसादाचार्य ने कहा कि रामलला के झूले का यह दृश्य अयोध्या की आत्मा है। यहां का दृश्य अद्वितीय है। इसे देखने मात्र से जीवन का सार मिल जाता है। जब प्रभु झूलते हैं जो समूची सृष्टि आनंद के झूले में झूलन लगती है। जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य ने कहा कि यह केवल झूलनोत्सव नहीं, यह प्रभु की लीला का जीवंत साक्षात्कार है। ऐसे दृश्य जीवन को धन्य कर देते हैं। यहां आकर ऐसा लगता है कि जैसे ह्रदय से सारे विकार धुल जाते हैं। महंत मिथिलेश नंदिनी शरण बोले कि यह दृश्य जन्मों का पुण्य फल है। भक्ति का यह पर्व भक्त और भगवान को अदृश्य सूत्र में बांध देता है। झूलनोत्सव का दर्शन करने वालों में अधिकारी राजकुमार दास, द्वाराचार्य महंत रामभूषण दास कृपालु, महंत गिरीश दास, महंत जर्नादन दास, महंत प्रशांत दास समेत अन्य शामिल रहे।
विज्ञापन


रामलला के दरबार में नाग पंचमी से अनवरत कजरी, झूलन पद और भजनों की रसधारा बह रही है। कार्यक्रम संयोजक सुमधुर के अनुसार अब तक अयोध्या समेत आस-पास के जिलों के 50 से अधिक संगीतज्ञ रामलला के समक्ष प्रस्तुति दे चुके हैं। इनमें मिथिला बिहारी दास, साकेत राम तिवारी, दिग्विजय तिवारी, विवेकानंद पाठक, दीपांशु, दीपक चौबे, करन, अर्जुन झा, विष्णु झा, दिल्ली से निकुंजिका और आरुषि शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें