2- धर्मगंज के पास सड़क पर बने गड्ढे- संवाद
मिल्कीपुर। खड़भड़िया से केशवपुर चिलविली तक 8.750 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2019-20 में कराया गया था। इसे 29 सितंबर को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित होना है। हस्तांतरित होने से पहले ही सड़क पर गड्ढों की भरमार है। पटरियों की सफाई न होने से जगह-जगह कीचड़ रहता है। गिट्टियां उखड़कर बिखरी हुई हैं। इससे राहगीरों के गिरकर जख्मी होने का खतरा बना रहता है।
इस सड़क पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। इससे अयोध्या सहित सुल्तानपुर व अमेठी के सैकड़ों गांवों की हजारों की आबादी प्रभावित हो रही है। पूर्व सांसद स्व. मित्रसेन यादव के प्रयासों से वर्षों पहले खड़भड़िया से केशवपुर चिलविली तक कई टुकड़ों में इस सड़क का निर्माण हुआ था। इसका पुनर्निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से वर्ष 2019-20 में 47 लाख की लागत से कराया गया।
अनुरक्षण के लिए 30 सितंबर 2020 से 29 सितंबर 2025 तक का समय निर्धारित किया गया था। इसका हस्तांतरण अभी लोक निर्माण विभाग को नहीं हुआ है। यही सड़क आगे चलकर सुल्तानपुर के देवरा, बहुरावां बाजार, बल्दीराय व पारा बाजार होते हुए गौरीगंज तक जाती है।
समय पर मरम्मत न होने से इस सड़क पर गड्ढों की भरमार हो गई है। सड़क पर हर 20-30 मीटर की दूरी पर गड्ढा देखा जा सकता है।इस संबंध में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता मुनीश कुमार लोधी ने बताया कि यह सड़क इसी महीने में लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित होनी है। संबंधित ठेकेदार को गड्ढों को भरने के लिए कहा गया है।