आचार्य नरेंद्र देव कृषि विवि में सरजू छात्रावास के बाहर मौजूद पुलिस।-संवाद
मिल्कीपुर (अयोध्या)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के एमएससी एग्रोनॉमी के छात्र यशपाल सिंह की मौत के बाद बेटे का सामान लेने आए परिजनों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में घुसने नहीं दिया। थक-हारकर परिजनों ने कुमारगंज पुलिस का सहारा लिया। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने सरजू छात्रावास स्थित छात्र के कमरे से सामान लिया।
बीते 13 मई को एमएससी एग्रोनॉमी अंतिम वर्ष के छात्र यशपाल सिंह का शव उनके कमरे में लटका मिला था। छात्र के शव का अंतिम संस्कार करने के बाद उनके भाई हरिवंश अपने वृद्ध पिता व अन्य पारिवारीजनों को लेकर शनिवार की सुबह कृषि विश्वविद्यालय के गेट नंबर दो पर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें और उनके वाहन को अंदर नहीं जाने दिया। अनुनय-विनय के बाद भी उन्हें प्रवेश नहीं मिला तो वह कुमारगंज थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष रतन सिंह को आपबीती बताई।
थानाध्यक्ष ने एनडीए चौकी प्रभारी अरविंद पटेल को पुलिस फोर्स के साथ मौके पर भेजा। तब परिजनों को विश्वविद्यालय परिसर में घुसने दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में मृतक छात्र के हॉस्टल रूम का दरवाजा खुला और परिजनों को बेटे का सामान मिल सका।
परिजनों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने यशपाल के सुसाइट नोट को गायब करवा दिया है। परिजनों के सामान लेने के दौरान विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी, हॉस्टल वार्डन आदि मौजूद रहे।