28- राम मंदिर में बुधवार को सजा रामलला का विग्रह- ट्रस्ट
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 22 जनवरी 2024 को रामलला की भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। ट्रस्ट प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ भव्यता पूर्वक मनाने की योजना बना रहा है। प्रतिष्ठा द्वादशी का अनुष्ठान 27 दिसंबर से ही शुरू हो जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 31 नवंबर से शुरू होगा। इसमें कई नामी कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से उत्सव की भव्यता बढ़ाएंगे।
ट्रस्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राम मंदिर के ट्रस्टी जगद्गुरु विश्वेश प्रसन्न तीर्थ के संयोजन में राम मंदिर में विशेष अनुष्ठान किया जाएगा। इस अनुष्ठान का शुभारंभ 27 दिसंबर को ही होगा, जबकि समापन 31 दिसंबर को होगा। वहीं अंगद टीला पर प्रतिष्ठा द्वादशी का मुख्य उत्सव आयोजित होगा। इसके क्रम में 29 दिसंबर से जगद्गगुरु रामदिनेशाचार्य श्रीरामकथा की सुधावृष्टि करेंगे। सुबह के सत्र में रामचरित मानस व वाल्मीकि रामायण का पारायण होगा। दोपहर बाद रामकथा का आयोजन होगा। यह आयोजन दो जनवरी तक चलेंगे।
मुख्य आयोजन के उद्घाटन सत्र में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। 31 दिसंबर, एक व दो जनवरी को होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनूप जलोटा और तृप्ति शाक्या भजनों की प्रस्तुति से उत्सव की भव्यता बढ़ाएंगी जबकि सेलिनी चतुर्वेदी की टीम राम की शक्ति पूजा के प्रदर्शन से उत्सव को नया आयाम देंगी। इसके अलावा अन्य कलाकारों की भी प्रस्तुतियां होंगी। ट्रस्ट की ओर से मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। 13 दिसंबर को राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्टियों की सहमति मिलने के बाद इस पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी।