7-मेडिकल कॉलेज की मेडिसिन ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़, इलाज करते चिकित्सक।-संवाद
अयोध्या। मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में सोमवार को मरीजों की भीड़ उमड़ी। सिर्फ मेडिसिन ओपीडी में ही लगभग 280 रोगी देखे गए। इनमें अधिकांश मरीज बुखार, सांस व अन्य गंभीर समस्याओं से परेशान होकर आए थे।
रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को मेडिकल कॉलेज खुला तो सुबह से ही पर्चा काउंटर पर मरीजों की भीड़ पहुंचने लगी। सुबह 10 बजे तक पर्चा काउंटर मरीजों से खचाखच भर गया। इतनी संख्या में आई भीड़ व्यवस्थित करने में कर्मचारियों के पसीने छूटने लगे। कई मरीज मौसमी बीमारियों से पीड़ित होकर आए थे तो कुछ पुराने मरीज मौसम अच्छा होने पर नए सिरे से परामर्श लेने पहुंचे थे। सबसे ज्यादा भीड़ टीबी एंड चेस्ट, मेडिसिन और स्किन ओपीडी में देखने को मिली। ऑर्थो और ईएनटी ओपीडी में भी मरीजों का तांता रहा।
मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे तक ओपीडी में लगभग 280 मरीज देखे गए। इनमें कई मरीज सांस, बीपी, शुगर और बुखार के थे। अधिक ठंड में दोबारा न दिखा पाने वाले कई गंभीर मरीज भी आए थे। मरीजों को बदलते मौसम और कड़ाके की ठंड में विशेष सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई।