अयोध्या। गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत होते ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। सामान्य दिनों की तुलना में अब अधिक संख्या में यात्री अग्रिम टिकट बुकिंग करवा रहे हैं। खासकर अहमदाबाद, सूरत, मुंबई और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों के लिए टिकट आरक्षित करवाने वालों की संख्या में भारी इजाफा देखा गया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, साधारण दिनों की तुलना में इन दिनों टिकट बुकिंग में लगभग 30 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या का सबसे बड़ा कारण स्कूल-कॉलेजों की छुट्टियां हैं। इनके चलते लोग पर्यटन, रिश्तेदारों से मिलने या नौकरी के सिलसिले में अधिक यात्रा कर रहे हैं। इसके अलावा गर्म मौसम में लोग पहाड़ी या बड़े शहरों की ओर रुख कर रहे हैं जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षण की मांग तेजी से बढ़ी है। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर चार काउंटर हैं। इसमें से केवल एक काउंटर से आरक्षण कार्य संचालित होने के कारण यात्रियों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही आरक्षण केंद्र पर भीड़ उमड़ रही है। कई यात्री ऑनलाइन बुकिंग के प्रयास भी कर रहे हैं लेकिन सर्वर की धीमी गति और तत्काल बुकिंग में सीटों की कमी से उन्हें निराशा हाथ लग रही है।
कुमारगंज से दिल्ली का टिकट कराने आए अजय कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे को अतिरिक्त काउंटर शुरू करने चाहिए ताकि लोगों को परेशानी से बचाया जा सके। अयोध्या घूम कर वापस जाने के लिए यात्री विजय शंकर ने बताया कि टिकट कराने आए यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यदि आरक्षण प्रक्रिया को सुचारु और तेज बनाया जाए, तो गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वालों को काफी राहत मिल सकती है।
उड़ीसा के लिए टिकट कराने पहुंचे जगदीश चंद्रा ने बताया कि लगभग एक घंटे कतार में रहना पड़ा तब जाकर टिकट मिल पाया। मुम्बई के यात्रा करने के लिए अयोध्या के राजू यादव व वीरेंद्र कुमार ने 15 लोगों के दल का टिकट कराया इन्हें 237 वेटिंग का टिकट मिला।