फोटो- 7 और 8- श्रीश्याम सतरंगी महोत्सव में झूमे भक्त- संवाद
भेलसर। फाल्गुन की द्वादशी पर शनिवार रात श्याम सतरंगी महोत्सव का आयोजन किया गया। रुदौली क्षेत्र भक्ति और उल्लास के रंगों में डूबा रहा। श्री श्याम ताली कीर्तन मंडल की ओर से आयोजित इस भव्य भजन संध्या में हजारों श्रद्धालु उमड़े। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद बालाजी महाराज के आह्वान के साथ भजनों की शृंखला शुरू हुई।
गोंडा से आईं भजन गायिका दीपिका मिश्रा ने सजने का है शौकीन, कीर्तन की है रात और श्याम बाबा तेरे पास आया हूं जैसे भजन प्रस्तुत किए। सुल्तानपुर के भजन प्रवाहक श्रवण सुल्तानपुरी ने कलियुग का राजा खाटू नरेश दीनानाथ, मेरी बात छानी कोनी तेरे से और श्याम बाबा का शृंगार मन भावे जैसे भजनों से भक्तों को भावविभोर किया। फागुन की मस्ती के बीच होली खेले श्याम बिहारी और उड़त गुलाल श्याम के संग जैसे फाग गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। अबीर-गुलाल उड़ाया गया और गुलाब व गेंदे के फूलों की वर्षा से पंडाल सुगंधित हो उठा। सतरंगी महोत्सव के दौरान प्रसाद वितरण किया गया। समापन पर बाबा श्याम को 56 भोग अर्पित किए गए।