अयोध्या। पड़ोसी जनपद बाराबंकी की तीन नगर पंचायतों को स्वच्छ बनाने में अयोध्या नगर निगम सहयोग प्रदान करेगा। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 की स्वच्छ जोड़ी शहर योजना के तहत अयोध्या नगर निगम के साथ इन तीनों नगर पंचायतों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया है।
अयोध्या नगर निगम के साथ एमओयू करने वाली बाराबंकी की नगर पंचायतों में सिद्धौर, दरियाबाद और रामसनेही घाट शामिल हैं। स्वच्छ शहर सर्वेक्षण में इन तीनों नगर पंचायतों की रैंकिंग काफी नीचे रही है। अब अयोध्या नगर निगम इनकी रैंकिंग सुधारने के साथ स्वच्छता के नए मानक स्थापित करने में हर कदम पर मददगार होगा। इसके लिए तकनीकी और अन्य सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस बारे में सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडेय ने अमर उजाला को बताया कि पूरे प्रदेश को स्वच्छ बनाने की मुहिम के तहत स्वच्छ जोड़ी शहर योजना शुरू की गई है। इसके तहत नगर निगम बड़े भाई की भूमिका निभाते हुए छोटे भाई के तौर पर स्वच्छता रैंकिंग में लड़खड़ा रहे इन तीनों नगर पंचायतों को संभालने की कोशिश करेगा। जिस तरह से नगर निगम ने अपनी रैंकिंग में 100 से 28 पर पहुंचकर सुधार किया है, उसी तरह इनके लिए भी प्रयास किया जाएगा।
बाराबंकी की तीनों नगर पंचायतों को नगर निगम अपने संसाधनों के उपयोग की भी छूट देगा। अयोध्या नगर निगम के पास 200 टन कूड़ा निस्तारण की क्षमता वाला प्लांट है। यहां पर तीनों नगर पंचायत अपने कूड़े को निस्तारित करने के लिए भेज सकेंगी। इसी तरह नगर निगम के एसटीपी का भी उपयोग कर सकेंगी। इससे नगर पंचायतों को उच्च स्तरीय संसाधनों के उपयोग का मौका मिलेगा और नगर निगम के राजस्व में इजाफा होगा। स्वच्छ भारत मिशन नगरीय की सहायक निदेशक सविता शुक्ला की मौजूदगी में तीनों एमओयू पर अयोध्या नगर निगम की ओर से प्रभारी अधिकारी गुरु प्रसाद पांडेय और बाराबंकी की नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए हैं। इस दौरान मिशन की विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।