अयोध्या। अंगद टीला पर चल रहे त्रिदिवसीय संपूर्ण गीत रामायण संस्कार समारोह के दूसरे दिन सोमवार को भक्ति, संगीत और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। संध्या बेला में राममंदिर परिसर रामकथा के सुरों से गुंजायमान हो उठा और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर प्रस्तुति का आनंद लेते रहे।
दूसरे दिन कार्यक्रम का उद्घाटन राम मंदिर के ट्रस्टी डॉ़ अनिल मिश्र ने किया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और सद्गुरु ग्रुप पुणे के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में महाकवि जी डी मदगुलकर एवं स्वर गंधर्व सुधीर फड़के की अमर कृति गीत रामायण की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्वर संवादिनी की ओर से प्रनव कुलकर्णी और उनकी टोली ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों को भावपूर्ण गायन के माध्यम से जीवंत कर दिया। मधुर स्वरों, प्रभावशाली वादन और भावनात्मक अभिव्यक्ति ने उपस्थित जनसमूह को रामकथा के युग में पहुंचा दिया।