बड़ा भक्तमाल मंदिर में सजी फूल बंगला झांकी व भजनों की प्रस्तुति देते गायक।
अयोध्या। रामनगरी की आध्यात्मिक परंपराओं को जीवंत करते हुए प्रतिष्ठित बड़ा भक्तमाल मंदिर में सोमवार को भव्य और मनोहारी फूल बंगला झांकी महोत्सव का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों से सुसज्जित ठाकुरजी का दिव्य दरबार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। झांकी के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा तथा पुष्पों की सुरभि से महक उठा।
महंत अवधेश दास के संयोजन में सजी फूल बंगला झांकी ने भक्तों को आध्यात्मिक भावलोक में पहुंचा दिया। विभिन्न प्रकार के ताजे फूलों से तैयार की गई आकर्षक सजावट के बीच विराजमान ठाकुरजी के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। झांकी की भव्यता और सौंदर्य ने हर किसी का मन मोह लिया। महोत्सव के दौरान संत एमबी दास और रामनंदन दास सहित अन्य कलाकारों ने फूल बंगला महोत्सव को समर्पित भजनों की ऐसी रसधारा प्रवाहित की कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति संगीत में झूमते रहे। मंदिर परिसर में गूंजते भजन, मृदंग और झांझ की स्वर लहरियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में महंत देवेंद्रप्रसादाचार्य, जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य, महंत जन्मेजय शरण, महंत जर्नादन दास, महंत मनीष दास, महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता तथा पूर्व सांसद लल्लू सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।