अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सपा के आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय गुलाबबाड़ी में आयोजित श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में पहुंचे धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जब प्रभु श्रीराम के मंदिर में चोरी और डकैती के आरोप सामने आए तो मुख्यमंत्री के बुलडोजर की चाबी कहां खो गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने 15 दिन में दूध का दूध और पानी का पानी करने की बात कही थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या 15 दिन में जांच पूरी हो गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में नियुक्तिकर्ताओं और जिम्मेदार लोगों से जवाब लिया जाना चाहिए। जब चढ़ावा चोरी हुई।
कहा कि पता नहीं कैसे कोषाध्यक्ष थे कि जिनको पता तक नहीं चला इतना कोष उनके यहां से कैसे लुट गया। अब उनका प्रमोशन कर दिया गया।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में शिक्षकों के हित में अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए। यूपी बोर्ड में शिक्षकों को सीबीएसई के बराबर कॉपियों के मूल्यांकन का पारिश्रमिक देने सहित कई कार्य किए गए। समारोह में समाजवादी शिक्षक सभा की ओर से चयनित पांच शिक्षकों को सांसद धर्मेंद्र यादव और कार्यक्रम के संस्थापक पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन ने प्रशस्ति पत्र और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। धर्मेंद्र यादव मुख्य अतिथि और शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह पटेल विशिष्ट अतिथि रहे। अध्यक्षता शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष दान बहादुर सिंह ने की। संस्थापक पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन भी मौजूद रहे।