बीकापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण शुरू होने पर संभावित उम्मीदवारों में चुनाव की सरगर्मी बढ़ने लगी है। आरक्षण की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन लोग अपने-अपने फाॅर्मूले लगा रहे हैं।
बीकापुर विकासखंड क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य पद की चार सीटे हैं। बीकापुर प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ। अभी इनका आरक्षण तय नहीं है, लेकिन इन सीटों पर एक दर्जन से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरने का दावा पेश कर रहे हैं। यही हाल ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए भी है। कई लोग तो अपने वाहनों में संभावित उम्मीदवारी का बाकायदा पोस्टर लगाकर क्षेत्र में निकल रहे हैं।
उम्मीदवारों के समर्थक भी बाजारों में चाय, जलपान की दुकान पर उन्हें महिमा मंडित कर रहे हैं। कुछ ही माह में कार्यकाल समाप्त होने और आरक्षण बदलने की संभावना को लेकर कई वर्तमान प्रधानों और अन्य जनप्रतिनिधियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। आरक्षण बदलने की स्थिति में दूसरी जगह अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में लगे हैं। कुछ तो क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भी अपनी गोटियां बिछा रहे हैं। उम्मीदवार और उनके समर्थक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रचार कर रहे हैं।