अयोध्या। राम मंदिर गबन मामले में गिरफ्तार आरोपियों के कचहरी में पेशी के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध रहे। पूरा कचहरी परिसर सुरक्षा छावनी में तब्दील कर दिया गया था। बैरिकेडिंग के साथ ही सभी गेट पर पुलिस बल की तैनाती रही। मुहर्रम के अवकाश के बाद भी लोग आरोपियों को देखने के लिए परिसर के अंदर से बाहर खड़े रहे। इस दौरान आरोपियों को देखते ही लोगों ने चोर-चोर के नारे भी लगाए।
राममंदिर की दान पेटिका में अनियमितता के मामले में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी शुक्रवार को दिनभर चर्चा में रही। सुबह से ही थाना रामजन्मभूमि, अस्पताल और पुलिस लाइंस के आसपास लोगों की आवाजाही बनी रही। हर कोई आरोपियों के मेडिकल परीक्षण और अदालत में पेशी का इंतजार कर रहा था।
विज्ञापन
दोपहर करीब दो बजे पुलिस लाइंस अस्पताल में मेडिकल टीम पहुंची, जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। करीब सवा तीन बजे एसओजी प्रभारी कड़ी सुरक्षा में आरोपियों को लेकर आए। सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई थी ताकि आमजन का आवागमन नियंत्रित रहे। मेडिकल के बाद सभी आरोपियों को कचहरी ले जाया गया। अदालत परिसर में भी इस संवेदनशील प्रकरण पर पूरे समय गहन चर्चा चलती रही।
शहर की चाय की दुकानों और बाजारों में भी लोग इस मामले पर अपनी राय रखते दिखे। रिकाबगंज निवासी सौरभ लखमानी ने कहा कि वे पूरे दिन अपडेट देखते रहे। उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई और दोषियों को बख्शे न जाने की बात कही। चौक निवासी राकेश तिवारी ने पारदर्शी जांच को सबसे जरूरी बताया। उनका मानना था कि इससे करोड़ों श्रद्धालुओं का भरोसा बना रहेगा।