अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी ने ग्रेट निकोबार द्वीप समूह परियोजना के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अभियान में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ग्रेट निकोबार के पर्यावरण, जैव विविधता और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के समर्थन में केंद्र सरकार की प्रस्तावित परियोजना के खिलाफ अपने हस्ताक्षर दर्ज कराए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि ग्रेट निकोबार के जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों को कॉर्पोरेट हितों के लिए नष्ट किया जा रहा है। यह देश के पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसा विकास स्वीकार्य नहीं जो प्रकृति और जनजातीय समुदायों के अस्तित्व पर संकट खड़ा करे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने इसे देश की प्राकृतिक विरासत बचाने का प्रश्न बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर पर्यावरण विनाश और जनजातीय विस्थापन उचित नहीं।
पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने सरकार पर पूंजीपतियों के लिए अंडमान-निकोबार को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वहां की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति को तबाह किया जा रहा है। जिला प्रवक्ता शीतला पाठक और सेवादल जिला अध्यक्ष फ्लावर नकवी ने केंद्र सरकार से परियोजना पर पुनर्विचार करने की मांग की। एकत्रित हस्ताक्षरों को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रेनू राय और महानगर अध्यक्ष नाजिश फातिमा ने प्रकृति संरक्षण को मानव जीवन और भविष्य की पीढ़ियों की सुरक्षा से जुड़ा बताया। इस अवसर पर पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, राम अवध पासी, अश्वनी सिंह मधुर, बसंत मिश्रा, अशोक सिंह, अशोक कनौजिया, रामानंद शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।