अयोध्या। राष्ट्रपति के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:05 बजे हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री 19 मार्च को प्रस्तावित राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे और वहां सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वह श्रीराम जन्मभूमि परिसर में बने पीएफसी सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल और अन्य तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 12 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
एडीजी जोन ने लिया तैयारियों का जायजा
अयोध्या। मुख्यमंत्री के दौरे से एक दिन पहले बुधवार को लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार अयोध्या पहुंचे और तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया, इसके बाद राम मंदिर परिसर का दौरा कर राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और अन्य इंतजामों की समीक्षा की। एडीजी ने बताया कि रामनवमी अयोध्या का सबसे बड़ा पर्व है, जिसमें लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए व्यापक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए वीवीआईपी प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा व्यवस्था और भी सुदृढ़ की जा रही है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि चैत्र नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिरों में दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सीसीटीवी और ड्रोन की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।
इस दौरान बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ़ अनिल मिश्र, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।