रौजागांव। लकड़ी कारोबारी के कैशियर ने ही 2.60 लाख रुपये हड़पने की नीयत से लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस की पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकारा है और सभी रुपये पास में ही स्थित पुआल के ढेर से बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके चालान किया है।
मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि रुदौली क्षेत्र के जिलानी नामक व्यक्ति लकड़ी बेचने का कारोबार करते हैं। उन्होंने बकाये की वसूली के लिए क्षेत्र के मड़हा का पुरवा भोली निवासी रामजीत रावत को रखा है। सोमवार को वह उधारी के 2.60 लाख रुपये लेकर लौट रहा था। इस बीच गौरियामऊ के पास रात लगभग 10 बजे उसने अपने मालिक और स्थानीय पुलिस को स्वयं के साथ लूट होने की जानकारी दी।
रामजीत के शरीर पर खरोच के निशान थे। उसकी बाइक टूटी थी और बगीचे के पास बेहोशी की हालत में पड़ा था। मौके पर रुदौली पुलिस पहुंची और घटनास्थल की छानबीन के बाद संदेह हुआ तो रामजीत से सख्ती से पूछताछ की गई। पुलिस के सवालों में खुद को फंसता देख उसने स्वीकार कर लिया कि साजिश उसने ही रची थी। रुपये घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूरी पर पुआल के ढेर में छिपाया था। एसपी ने बताया कि व्यवसायी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।