अयोध्या। कोतवाली अयोध्या के तिहुरा उपरहार में अवैध पिस्टल से गोली चली थी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे गोली चलाने के कारणों समेत पिस्टल मिलने के स्रोत व अन्य बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
तिहुरा उपरहार निवासी स्व. राम निहोर वर्मा का बेटा सनी वर्मा (16) मंगलवार की शाम पड़ोस के मंगल वर्मा के घर पर खेल रहा था। वहीं पर अंगद यादव का बेटा अनीश यादव (18) हाथ में पिस्टल लेकर बैठा था। इस बीच संदिग्ध हालात में अचानक गोली चल गई जो सनी के पेट में दाहिनी तरफ जा लगी। गंभीर हालत में उसे दर्शननगर ट्राॅमा सेंटर से लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में किशोर की मौत हो गई। मृतका की चाची शीला वर्मा की तहरीर पर अनीश यादव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि अब तक की छानबीन में असलहा अवैध पाया गया है। अवैध असलहा मिलने का स्रोत क्या है, अनीश के हाथ कैसे लगा, आदि बिंदुओं की जांच की जा रही है। आरोपी को मंगलवार की रात में ही हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद उसका चालान किया जाएगा।
इनसेट
शोक में डूबा गांव, छाया मातमी सन्नाटा
मृतक सनी के पिता की काफी पहले मौत हो चुकी थी। दो भाइयों में वह सबसे बड़ा था और कक्षा नौ का छात्र था। पढ़ाई में भी वह होनहार था। उसकी मौत होने से परिवार सदमे से नहीं उबर पा रहा है। घटना के बाद से ही परिवार और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। वहीं, दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा के बीच शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम हाउस में काफी संख्या में ग्रामीण, परिजन और रिश्तेदार जमा रहे और नम आंखों को किशोर को अंतिम विदाई दी।
गोली चलने की वजह से नहीं उठा पर्दा
घटना के 24 घंटे बीतने के बावजूद अब तक गोली चलने की मुख्य वजह से पर्दा नहीं उठ सका है। कोई इसे रील बनाने के चक्कर में असावधानी बता रहा है तो कोई आपसी रंजिश की चर्चा कर रहा है। पुलिस भी अभी इस मामले में निरुत्तर है।