बीकापुर। तहसील के लक्ष्मणपुर ग्रांट में विसुही नदी पर बना पुल 71 वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। वर्ष 1955 की भीषण बाढ़ में क्षतिग्रस्त होने के बाद से इसका पुनर्निर्माण नहीं हो सका है। यह पुल हैरिंग्टनगंज और बीकापुर दो विकासखंडों को जोड़ता है।
पुल ध्वस्त होने से आवागमन वर्षों से ठप पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह पुल मुगल काल में निर्मित हुआ था और अपनी प्राचीन वास्तुकला समेटे हुए था। तीन मेहराबों वाला यह पुल पूरी तरह टूट चुका है। पुल के अभाव में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इस दौरान कई विधायक और सांसद आए। हालांकि, पुल निर्माण की मांग केवल आश्वासनों तक सीमित रही। गोसाईगंज विधानसभा के अंतर्गत यह पुल लक्ष्मणपुर ग्रांट और सराय खरगी के बीच स्थित है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से लक्ष्मणपुर ग्रांट फार्म, शिवतर और सराय खरगी सहित दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को सीधा मार्ग मिलेगा। इससे आवागमन सुगम हो जाएगा। छात्रों, किसानों, व्यापारियों और मरीजों को विशेष राहत मिलेगी। भारत लाल, विनोद कुमार, राजित राम, इंदल वर्मा सहित अनेक ग्रामीणों ने शासन से मांग की है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से शीघ्र पुल का निर्माण कराए जाने की मांग की है।