अयोध्या। रामनगरी में 1156 करोड़ की लागत से रानोपाली-विद्याकुंड-दर्शन नगर-भरतकुंड मार्ग की सूरत बदली जाएगी। टेढ़ी बाजार-अशर्फी भवन-पोस्ट ऑफिस मार्ग का 124.09 करोड़ की लागत से निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह कई अन्य मार्गों के नवनिर्माण की सौगात मिली है।
अयोध्या विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कों के उच्चीकरण और चौड़ीकरण के लिए 2451.85 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसके तहत कनक भवन से श्रीराम जन्मभूमि-त्रिदंडी देव भवन मार्ग, एनएच-27 से रामघाट-दिगंबर अखाड़ा मार्ग, रानोपाली-बाग बिजेसी से रेलवे स्टेशन, मोहबरा-टेढ़ी बाजार आरओबी की सर्विस लेन और गोला घाट से अशर्फी भवन तक की सड़कों के चौड़ीकरण की स्वीकृति मिल गई है।
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने बताया कि अयोध्या कैंट क्षेत्र में देवकाली-जेल रोड, रिकाबगंज-फतेहगंज, रिकाबगंज-चौक, रीडगंज-गुलाबबाड़ी, मछली मंडी-जमथरा घाट, नियावां के पाटेश्वरी मंदिर से पोस्ट ऑफिस होते हुए रामपथ तक फोर लेन और मोदहा-मऊ शिवाला मार्ग का चौड़ीकरण भी इसी वित्तीय वर्ष में शुरू हो जाएगा। इसके अलावा बनबीरपुर, सूर्यकुंड और हलकारा का पुरवा में दो लेन के रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा।
पुराने सरयू पुल के समानांतर नए पुल के लिए पहुंच मार्ग 273 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र की 10 नई सड़कों का निर्माण भी इस परियोजना में शामिल है। इन परियोजनाओं पर इसी वित्तीय वर्ष 2025-26 में काम शुरू कर दिया जाएगा। इन परियोजनाओं में सुगम आवागमन के लिए लंबित सड़कों और संपर्क मार्गों को शामिल किया गया है। विधायक ने कहा कि यह परियोजनाएं अयोध्या के चहुंमुखी विकास को गति देने के साथ तीर्थनगरी में आवागमन को सुगम बनाएंगी।