अयोध्या। रेलवे ने अयोध्या और मुंबई के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को अयोध्या धाम जंक्शन से उद्घाटन के बाद अमृत भारत एक्सप्रेस (22211/12) शाम 4:45 बजे रवाना होगी, जो लगभग 26 घंटे में लोकमान्य तिलक टर्मिनस, मुंबई पहुंचेगी। इस नई ट्रेन सेवा से पूर्वांचल और महाराष्ट्र के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और किफायती हो जाएगी।
यह ट्रेन कुल 12 स्टेशनों सुल्तानपुर जंक्शन, प्रतापगढ़, प्रयागराज जंक्शन, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे से होकर गुजरेगी। इससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन समयबद्ध संचालन के साथ चलाई जाएगी, जिससे यात्रियों को अनावश्यक देरी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस ट्रेन में जनरल और स्लीपर श्रेणी के कोच लगाए गए हैं, जिससे आम वर्ग के यात्रियों को सस्ती और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष कोच की व्यवस्था भी की गई है। किराये की बात करें तो जनरल कोच का किराया लगभग 700 से 1000 रुपये और स्लीपर क्लास का 1200 से 1800 रुपये के बीच रहने की संभावना है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
अमृत भारत ट्रेनों में ये मिलेंगी सुविधाएं
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में बायो-टॉयलेट, हर सीट के पास मोबाइल चार्जिंग पाॅइंट, बेहतर वेंटिलेशन सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों के जरिए सुरक्षा निगरानी, एलईडी लाइटिंग, अग्नि सुरक्षा प्रणाली और डिजिटल यात्री सूचना डिस्प्ले शामिल हैं। इसके अलावा, कोचों को अधिक मजबूत और आरामदायक बनाया गया है।