अयोध्या। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अवध विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक सम सेमेस्टर परीक्षाओं में लागू निगेटिव मार्किंग प्रणाली के खिलाफ व्यापक छात्र संपर्क अभियान चलाया। इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख महाविद्यालयों में लगभग छह हजार छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया गया।
परिषद कार्यकर्ताओं ने साकेत, झुनझुनवाला, परमहंस समेत विभिन्न महाविद्यालयों में जाकर छात्रों की राय जानी और नई परीक्षा प्रणाली को लेकर असंतोष दर्ज किया। विभाग संयोजक शशांक विद्यार्थी ने कहा कि बिना पर्याप्त विमर्श के निगेटिव मार्किंग लागू करना छात्र हितों के खिलाफ है। महानगर सहमंत्री आदर्श चतुर्वेदी ने परीक्षा प्रणाली में बदलाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि एमसीक्यू आधारित व्यवस्था से विषय की गहराई समझने के बजाय रटंत प्रणाली को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई प्रश्न अस्पष्ट होते हैं, जिससे योग्य छात्र भी अंक खो देते हैं। जिला संयोजक प्रियांशु तिवारी और छात्रा प्रमुख श्रेया शुक्ला ने भी इस निर्णय को छात्र विरोधी बताते हुए कहा कि बिना पर्याप्त संसाधन और तैयारी के एमसीक्यू प्रणाली लागू करना छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है।