गोसाईगंज सीमा में पहुंचे परिक्रमार्थियों ने किया जय श्रीराम का जयघोष।
महबूबगंज। चौरासी कोसी परिक्रमा रविवार को बस्ती से सरयू नदी पार कर शृंगी ऋषि आश्रम पहुंची। इस परिक्रमा में सैकड़ों साधु संत शामिल हुए, जिनका स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। रविवार सुबह बस्ती के सरयू तट पर जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा। अयोध्या सरयू तट के मल्लाहों ने नावों से संतों को नदी पार कराना आरंभ किया, यह सिलसिला दोपहर तक चला।
नाश्ते के बाद विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित अवध धाम हनुमान मंडल का एक दल सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में महादेव घाट के लिए रवाना हो गया। दूसरे दल के संचालक गया दास ने बताया कि करीब तीन सौ साधु संत उनके साथ परिक्रमा कर रहे हैं। यह दल रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह महादेव घाट के लिए प्रस्थान करेगा। इस अवसर पर ध्रुव गुप्ता, अंजनी सिंह, रमाकांत तिवारी, डॉक्टर डीपी सिंह, पुजारी, विकास, त्रिभुवन माझी और धर्मेंद्र कनौजिया सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
यात्रा का महादेव घाट पर स्वागत
गोसाईगंज। शृंगी ऋषि आश्रम से निकली चौरासी कोस परिक्रमा यात्रा रविवार को तेलियागढ़ चौराहे से होते हुए महादेव घाट पहुंची। यहां साधु-संतों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। महादेव घाट मंदिर समिति ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया और जय श्रीराम के नारे लगाए। संतों को नाश्ते में चना, पूरी, हलवा और शरबत दिया गया। इसके बाद संतों ने तमसा नदी में स्नान कर ठाकुर भगवान की पूजा-अर्चना की। राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैकड़ों साधु-संत और महंत इस यात्रा में शामिल हुए। महादेव घाट जीरोधार समिति ने शाम को संतों के लिए भोजन की व्यवस्था की। सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।